मुख्यमंत्री चन्नी के भाई डा. मनोहर के बगावती तेवर: निर्दलीय चुनाव लड़ने का किया ऐलान
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 86 प्रत्याशियों की नामों का एलान कर दिया है.
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भाई डा. मनोहर सिंह बस्सी पठानां से टिकट के दावेदार थे,
लेकिन पार्टी ने यहां से गुरप्रीत सिंह जीपी को चुनाव मैदान में उतार दिया है। इस पर मनोहर सिंह ने बगावती तेवर अपना लिए हैं.
डा. मनोहर सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है.
उन्होंने पिछले महीने बस्सी पठानां सीट से चुनाव लड़ने के लिए एसएमओ के पद से इस्तीफा दे दिया था.
मनोहर सिंह ने कहा, मैं बस्सी पठाना सीट से कंटेंडर था लेकिन पार्टी ने टिकट नहीं दिया इस लिए मैं निर्दलीय चुनाव लड़ूंगा.
मैंने 2007 में भी ऐसा ही किया था और जीता भी था.
आपको बता दें एसएमओ के पद से इस्तीफा देने के बाद डा. मनोहर ने चुनाव लड़ने की इच्छा ज़ाहिर की थी.
वह ज़मीनी स्तर पर सक्रिय भी हो गए थे. हालांकि उन्होंने बातचीत में कहा था कि सीएम का छोटा भाई होने के कारण पार्टी उन्हें टिकट नहीं देगी,
लेकिन पार्टी सर्वे भी करवा रही है. सर्वे में अगर पार्टी को लगेगा तो उन्हें टिकट मिल जाएगा. इस बार पार्टी ने अपने ज्यादा विधायकों के टिकट नहीं काटे हैं.
बता दें डा. मनोहर सिंह मोहाली के खरड़ सिविल अस्पताल में बतौर सीनियर मेडिकल आफिसर तैनात थे.
अगस्त 2021 में उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. बस्सी पठानां विधानसभा हलका एससी वर्ग के लिए रिजर्व है.
डा. मनोहर सिंह ने कहा था कि कोविड के दौरान उनकी पोस्टिंग नंदपुर कलौर प्राइमरी हेल्थ सेंटर में थी.
उनका कहना था कि इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में बहुत काम किया, लेकिन वहां के विधायक जीपी ने उनका तबादला करवा दिया तब तक क्षेत्र के लोग पूरी तरह से उनके साथ जुड़ने लगे थे.
मोहम्मद आमिर
Sandhya Halchal News